मुरादाबाद। पंचायत भवन, सभागार में सेवा संकल्प अभियान तथा भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भगवान विश्वकर्मा एवं माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज, मिलन बिहार के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग दीपेन्द्र कुमार ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना-2.0 के संबंध में लाभार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद मुरादाबाद में अब तक 7,475 कारीगरों एवं शिल्पकारों को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत विभिन्न ट्रेडों में टूलकिट उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। योजना के माध्यम से बढ़ई, दर्जी, टोकरी बुनकर, नाई, लोहार, कुम्हार, हलवाई एवं मोची आदि पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रशिक्षण देकर उन्हें उन्नत स्वरोजगार से जोड़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 14 नए ट्रेडों को भी शामिल किया गया है, जिनमें पारंपरिक व्यवसायों के साथ-साथ आधुनिक व्यवसाय भी सम्मिलित हैं। इनमें मूर्तिकार, मालाकार, दूधवाला, भड़भूंजा, मछुआरा, मोबाइल रिपेयर, ऑटोमोबाइल रिपेयर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रिपेयर, विद्युत उपकरण रिपेयर, प्लम्बर, कंप्यूटर रिपेयर, सोलर इंस्टॉलेशन, डिजिटल फोटोग्राफी तथा सौंदर्य एवं वेलनेस जैसे ट्रेड शामिल हैं। इससे पारंपरिक आजीविका एवं कौशल के साथ आधुनिक तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े व्यवसायों को भी योजना का लाभ मिल सकेगा।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि चयनित आवेदकों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिससे कारीगरों की कार्यक्षमता, दक्षता एवं उत्पादों की गुणवत्ता में वृद्धि हो सके।

प्रशिक्षण के उपरांत अपने कार्य को आधुनिक एवं उन्नत बनाने के लिए लाभार्थियों को अधिकतम ₹15,000 तक की निःशुल्क उन्नत टूलकिट उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए ₹10 लाख तक का बिना गारंटी एवं ब्याज मुक्त ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें 15 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है।
कार्यक्रम में अतिथि जयपाल सिंह व्यस्त, मा. सदस्य विधान परिषद ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री जी को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा विकसित भारत का जो सपना देखा गया है, उसे साकार करने तक देश में इसी प्रकार उत्साह एवं उमंग के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को सृजन एवं निर्माण का देवता बताते हुए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टूलकिट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में जयपाल सिंह व्यस्त ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा को अवसर में परिवर्तित करने की सोच को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक दृष्टि से विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है तथा अप्रैल से जून की अवधि में जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने स्वच्छता अभियान, महिलाओं के सम्मान एवं सुविधा के लिए घर-घर शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना के माध्यम से रसोई गैस की सुविधा तथा प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से बैंक खाते खोलने सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ देश की विरासत एवं संस्कृति को भी साथ लेकर आगे बढ़ रही है। साथ ही नक्सलवाद के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा सरकार द्वारा किए गए विभिन्न वादों को पूरा करने का भी उल्लेख किया। अंत में उन्होंने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपनी वाणी को विराम दिया।
कार्यक्रम में रामायण आधारित नृत्य प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना-2.0 एवं सीएम युवा योजना के संबंध में वीडियो का मंच पर प्रदर्शन किया गया।
राज्य स्तर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी योजना के लाभार्थियों को दिखाया गया। इस अवसर पर उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजना के लाभार्थियों को टूलकिट तथा सीएम युवा योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। वितरण के उपरांत सेवा दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं योजना के लाभार्थियों द्वारा आशीर्वाद का दीप प्रज्ज्वलित किया गया।
इस अवसर पर विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को विभिन्न ट्रेडों की टूलकिट वितरित की गई। सिलाई मशीन किट आंचल, ज्योति, पुजारानी, शीला, संतोष, अंजलि, कुमारी अंश एवं सुनीता को प्रदान की गई। वहीं सुनीता, गणेश, मदन, नन्दू शर्मा, ओमकार सिंह, प्रदीप कुमार, नन्द शर्मा, प्रकाश सिंह, राजीव कुमार रोहित एवं संजीव कुमार रस्तोगी को हलवाई की टूलकिट वितरित की गई। आकाश कुमार, अमित कुमार एवं अंकित को लोहार तथा विपिन एवं बच्चन सिंह राघव को बढ़ई की टूलकिट प्रदान की गई।
इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को ऋण वितरण के चेक भी प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत उज्ज्वल को ₹10 लाख, समरपाल सिंह को ₹25 लाख तथा मोहम्मद फैजान को ₹10 लाख की धनराशि के चेक वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत आकाश सैनी को ₹5 लाख, पंकज को ₹5 लाख, वरुण सिंह को ₹5 लाख, राकेश सैनी को ₹1.05 लाख, सचिन यादव को ₹4.34 लाख तथा रऊफ रहमान को ₹5 लाख की धनराशि के चेक प्रदान किए गए।
इसी क्रम में ओडीओपी वित्त पोषण योजना के अंतर्गत सोनाली मेहरा को ₹21 लाख तथा मुजफ्फर को ₹10 लाख की धनराशि के चेक जनप्रतिनिधियों द्वारा वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त उद्योग द्वारा उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, सत्यपाल सिंह सैनी, डॉ. शेफाली चौहान, विनोद अग्रवाल, रितेश गुप्ता, ठाकुर रामवीर सिंह, आकाश पाल, गिरीश भंडुला, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार, उपायुक्त उद्योग दीपेन्द्र कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
