मुरादाबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को विकास भवन परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के क्रम में विकास भवन परिसर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

दीपोत्सव के दौरान विकास भवन परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, परियोजना निदेशक/जिला विकास अधिकारी श्वेतांक पाण्डेय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रमोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी श्री सुनील दत्त, अधिशासी अभियंता आरईएस रामपाल, नाजिर विकास भवन/जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ललित पाल, आशुलिपिक मुख्य विकास अधिकारी गोबिंद सिंह, आशुलिपिक जिला विकास अधिकारी सुरेन्द्र गौतम, लेखाकार अनुज कुमार तथा तकनीकी विशेषज्ञ राहुल शर्मा सहित विकास भवन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान दीपों की रोशनी के बीच विकास भवन परिसर में उत्सव का माहौल नजर आया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई@शांतनु/INN
