रामपुर। मंडलायुक्त एवं रामपुर विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रामपुर विकास प्राधिकरण बोर्ड की 44वीं बैठक हुई। बैठक में जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में रामपुर विकास प्राधिकरण की महायोजना-2031 को स्वीकृति प्रदान की गई। 42वीं बोर्ड बैठक में प्रस्तुत पूर्व प्रस्ताव वापस लिए जाने के बाद शासन के निर्देशों एवं निर्धारित शर्तों के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर महायोजना को मंजूरी दी गई। इसके लागू होने से रामपुर क्षेत्र में सुनियोजित विकास और निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ अनियोजित एवं अवैध निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी।
बिलासपुर के 29 गांव होंगे अधिसूचित
बोर्ड ने बिलासपुर क्षेत्र के 29 गांवों को अधिसूचित किए जाने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। साथ ही अप्रैल 2026 तक जिला पंचायत द्वारा स्वीकृत भवन मानचित्रों के नियमितीकरण से संबंधित शासनादेश को अंगीकृत किया गया।

अब नए भवन मानचित्र आरडीए से होंगे स्वीकृत
महायोजना लागू होने के बाद सभी नए भवन मानचित्र रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत किए जाएंगे। महायोजना और प्रचलित नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड ने हरित क्षेत्र और नदी तटीय क्षेत्र में निर्माण के संबंध में शासन द्वारा जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन्हीं शर्तों के साथ महायोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में 05 मई 2026 को हुई पिछली बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन एवं अनुपालन की भी समीक्षा की गई। बोर्ड के निर्णयों से रामपुर में विकास कार्यों को गति मिलने तथा अवैध एवं अनियोजित निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
बैठक में उपाध्यक्ष/जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, सचिव/अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. नितिन मदान, संयुक्त निदेशक कोषागार एवं पेंशन मुरादाबाद शजयप्रकाश, अधिशासी अभियंता उत्तर प्रदेश जल निगम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रामपुर तथा शासन द्वारा नामित प्रतिनिधि श्री मोहन लाल सैनी, श्री जागेश्वर दयाल दीक्षित एवं काशीराम दिवाकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे@जफर/INN
