मुरादाबाद। जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित घटनाओं को देखते हुए तेंदुओं को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग को एक और सफलता मिली है। शुक्रवार को तहसील ठाकुरद्वारा क्षेत्र के ग्राम बलिया बल्लभगढ़ में लगाए गए ट्रैप केज में एक तेंदुआ फंस गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे सुरक्षित कब्जे में लिया।

ग्रामीण क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की ओर से संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर ट्रैप केज लगाए जा रहे हैं। विभागीय टीम इन क्षेत्रों में निगरानी के साथ-साथ ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक कर रही है। ट्रैप केज में तेंदुआ फंसने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ उसे रेस्क्यू किया।

बताया गया है कि जनपद में तेंदुओं को रेस्क्यू करने के लिए अभियान लगातार जारी है। बलिया बल्लभगढ़ में पकड़ा गया तेंदुआ इस अभियान के अंतर्गत अब तक रेस्क्यू किए गए तेंदुओं की संख्या को 17 तक पहुंचाता है। वन विभाग की टीमों द्वारा अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार ट्रैप केज लगाए जा रहे हैं।

लगातार बढ़ाई जा रही निगरानी
तेंदुओं की सक्रियता वाले क्षेत्रों में वन विभाग की टीमें लगातार गश्त और निगरानी कर रही हैं। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे जंगल अथवा खेतों में अकेले न जाएं और तेंदुआ दिखाई देने की स्थिति में उसके करीब जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें। किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य तेंदुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करना और मानव आबादी वाले क्षेत्रों में संभावित खतरे को कम करना है। जनपद में अब तक 17 तेंदुओं का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया जा चुका है और अभियान आगे भी जारी रहेगा@जफर/INN
