मुरादाबाद। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर थाना मुगलपुरा क्षेत्र में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। लालबाग क्षेत्र से श्रद्धालुओं और आयोजकों द्वारा भगवान गणेश की 19 प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए रामगंगा नदी स्थित काली माता मंदिर घाट तक ले जाया गया। इस दौरान पुलिस और पीएसी के जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए पूरे जुलूस पर नजर बनाए रखी।

विसर्जन यात्रा दोपहर 12 बजे लालबाग से शुरू हुई, जो जीआईसी चौराहा, मंडी चौक, यस कुमार चौराहा, जिगर चौराहा और नवाबपुरा होते हुए रामगंगा नदी स्थित काली माता मंदिर घाट पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। मार्ग में पुलिस बल की तैनाती के चलते यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखा गया।
पीएसी और पुलिस बल रहा तैनात
विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए चौकी प्रभारी लालबाग उपनिरीक्षक ओम शुक्ला पुलिस एवं पीएसी बल के साथ लगातार मौके पर मौजूद रहे। पुलिस टीम ने जुलूस के मार्ग से लेकर विसर्जन स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी।

रामगंगा नदी के काली माता मंदिर घाट पर विशेष सतर्कता बरती गई। नदी में विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोताखोरों की टीम को भी तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से विसर्जन कराने में सहयोग किया।
रात नौ बजे तक सभी प्रतिमाओं का विसर्जन
पुलिस की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बीच सभी 19 भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन शाम करीब नौ बजे तक सकुशल संपन्न करा दिया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
थाना मुगलपुरा पुलिस की सतर्कता, पीएसी की तैनाती और घाट पर गोताखोरों की मौजूदगी के चलते गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ@शांतनु/INN
