मुरादाबाद। राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता तथा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरस्वती के निर्देशन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. पूजा निरमनिया ने किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर दिया। प्रतियोगिता में बीए पंचम सेमेस्टर के अरबाज पुत्र मोहम्मद शाकिर ने प्रथम, अनुज कुमार पुत्र गुरुदेव सिंह ने द्वितीय तथा बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा उजमा नाज पुत्री मोहम्मद उस्मान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं, ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका संयोजन डॉ. अमित कुमार ने किया। विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छ परिसर और स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनोज कुमार पारस ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महाविद्यालय की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान, जागरूकता, स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा-भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षकगण और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा@जफर/INN
