मोबाइल यूजर्स के लिए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने बड़ा फैसला लिया है। TRAI ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण नियमों में 13वें संशोधन को अंतिम रूप दे दिया है। नए नियम 21 सितंबर 2026 को जारी किए गए हैं।
नए नियमों के तहत Jio, Airtel, Vodafone Idea और BSNL जैसी टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से वॉयस कॉलिंग और SMS जैसी सेवाएं ले सकें। ऐसे प्लान में डेटा लेना अनिवार्य नहीं होगा।
28 दिन के रिचार्ज से मिलेगी राहत
TRAI के नए नियमों में 30 दिन या उससे कम अवधि वाले कई छोटे STV उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसका फायदा खास तौर पर उन ग्राहकों को हो सकता है जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत कम होती है और वे मुख्य रूप से कॉलिंग या SMS के लिए रिचार्ज कराते हैं।
TRAI के मुताबिक, 2024 में वॉयस-ओनली प्लान से जुड़े नियम आने के बाद कंपनियों ने ऐसे पैक जरूर पेश किए, लेकिन उनकी वैलिडिटी और कीमत से जुड़ी कुछ सीमाएं बनी रहीं। नए संशोधन का उद्देश्य इन्हीं समस्याओं को दूर करना है।
हर महीने एक तय तारीख पर रिन्यू होगा प्लान
नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को कम से कम एक ऐसा STV भी उपलब्ध कराना होगा, जिसे ग्राहक हर महीने एक तय तारीख पर रिन्यू करा सके।
उदाहरण के तौर पर अगर किसी ग्राहक ने महीने की 15 तारीख को प्लान लिया है, तो वह हर महीने 15 तारीख को ही रिन्यू हो सकेगा। वहीं, अगर किसी महीने में चुनी गई तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल माना जाएगा।
इसके अलावा कंपनियों को एक ऐसा STV भी देना होगा जिसकी वैलिडिटी इस मंथली रिन्यू होने वाले विकल्प से ज्यादा होगी। बाकी STV की वैलिडिटी 30 दिन या उससे कम रखनी होगी।
जनता और टेलीकॉम कंपनियों से सुझाव लेने के बाद फैसला
TRAI ने यह फैसला सीधे तौर पर नहीं लिया है। इसके लिए लंबे समय तक कंसल्टेशन प्रक्रिया चली। 7 अप्रैल 2026 को TRAI ने 13वें संशोधन का ड्राफ्ट जारी किया था।
इस पर टेलीकॉम इंडस्ट्री और आम लोगों से सुझाव मांगे गए। इसके बाद 15 जून 2026 को ओपन हाउस डिस्कशन भी आयोजित किया गया। मिले सुझावों और उनके विश्लेषण के बाद अब TRAI ने अंतिम नियम जारी कर दिए हैं।
नए नियमों का मकसद ऐसे मोबाइल ग्राहकों के लिए ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराना है, जिन्हें डेटा की जरूरत नहीं है और वे सिर्फ कॉलिंग या SMS के लिए मोबाइल रिचार्ज करते हैं।
