मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहा विवाद अब और तेज होता नजर आ रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखते हुए आंदोलन की घोषणा की है।
CJP संयोजक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार 26 सितंबर तक अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उनकी पार्टी 2 अक्टूबर से मुंबई में विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी। इसके बाद आंदोलन को देश के अलग-अलग शहरों तक ले जाने की बात कही गई है।
इससे एक दिन पहले CJP की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई मांगें रखी गई थीं। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, SIR प्रक्रिया पर रोक और जनवरी 2025 की मतदाता सूची को बहाल करने की मांग शामिल है।
पार्टी ने चुनाव व्यवस्था में सुधार की भी मांग उठाई है। वहीं, SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल पहले से ही चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं।
हाल ही में सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट में चुनाव आयोग के भीतर SIR को लेकर चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद होने का दावा किया गया था। इसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई।
अब CJP के इस ऐलान के बाद नजर इस बात पर है कि 2 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन कितना बड़ा रूप लेता है और चुनाव आयोग की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।
