मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर देश की राजनीति में विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। विपक्ष जहां उनके खिलाफ सवाल उठा रहा है और इस्तीफे की मांग कर रहा है, वहीं बीजेपी की ओर से उनके समर्थन में बयान सामने आया है।
पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए।
सामिक भट्टाचार्य का कहना है कि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने में ज्ञानेश कुमार की भूमिका रही है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से मृत और कथित फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने के साथ वास्तविक मतदाताओं को मतदान का अधिकार दिलाने की दिशा में काम किया गया।
भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि बंगाल की जनता लंबे समय बाद बिना डर के मतदान करना चाहती थी और उनके मुताबिक इस दिशा में चुनाव आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
वहीं दूसरी तरफ, SIR यानी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। इसी विवाद के बीच कांग्रेस समेत विपक्षी दल ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
इस पूरे मामले को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR प्रक्रिया पर राजनीतिक बहस लगातार जारी है। चुनाव आयोग ने हालांकि चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद से जुड़ी रिपोर्टों को खारिज करते हुए कहा है कि पिछले एक साल के दौरान बड़े फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।
अब सवाल यही है कि ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहा यह राजनीतिक विवाद आने वाले दिनों में किस दिशा में जाता है।
