ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण का शुक्रवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में भव्य शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में किया। आयोजन में विभिन्न देशों के राजदूतों एवं वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत, निर्यातकों, उद्यमियों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया।

आयोजकों के अनुसार, 25 से 29 सितंबर तक चलने वाले UPITS 2026 में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, करीब 90 देशों से 600 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और पांच लाख से अधिक आगंतुकों की भागीदारी अपेक्षित है। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक उत्पादों, पारंपरिक शिल्प, स्थानीय उत्पादों, उभरते उद्यमों और विभिन्न क्षेत्रों की कारोबारी क्षमताओं को घरेलू एवं वैश्विक बाजार के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश को विकास का प्रमुख इंजन बताया
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश को भारत की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला राज्य बताया। उन्होंने प्रदेश के बड़े उपभोक्ता बाजार, युवा कार्यबल, कृषि शक्ति, पारंपरिक उद्योगों और बढ़ते विनिर्माण आधार का उल्लेख करते हुए बुनियादी ढांचे, उद्यमिता और निर्यात को विकास की गति बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने एक्सप्रेसवे, औद्योगिक गलियारों, लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार को कनेक्टिविटी एवं औद्योगिकीकरण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अमित शाह ने UPITS को केवल प्रदर्शनी तक सीमित न बताते हुए व्यापार, निवेश, तकनीक, ब्रांडिंग, ज्ञान-विनिमय और सांस्कृतिक संवाद का मंच बताया। उन्होंने निवेशकों से उत्तर प्रदेश में निवेश की अपील करते हुए प्रदेश को भारत की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन बताया।
रक्षा उत्पादन और निवेश पर जोर
केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश में रक्षा विनिर्माण के बढ़ते अवसरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि भारत का रक्षा उत्पादन लगभग 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और भारतीय रक्षा उत्पादों का निर्यात करीब 80 देशों में किया जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर को विनिर्माण, निवेश और रोजगार की संभावनाओं से जोड़ते हुए UPITS से नए कारोबारी समझौतों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसर बनने की उम्मीद जताई।
योगी बोले- स्थानीय प्रतिभा को वैश्विक बाजार से जोड़ रहा UPITS
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों, खरीदारों, प्रदर्शकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए UPITS को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक एवं उद्यमशील क्षमता का मंच बताया। उन्होंने कहा कि यह ऐसा मंच है जहां जिलों की प्रतिभा वैश्विक मांग से जुड़ रही है, हस्तशिल्प आधुनिक तकनीक से जुड़ रहा है और एमएसएमई निवेश तथा नए बाजारों से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के निर्यात के करीब दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की जानकारी देते हुए एमएसएमई की भूमिका पर जोर दिया। इसी अवसर पर उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन (ODOC) पहल के पोर्टल का शुभारंभ भी किया। इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की खानपान एवं सांस्कृतिक विविधता को व्यापक बाजार से जोड़ना है।
छह साझेदार देशों की भागीदारी
UPITS 2026 में छह साझेदार देशों की भागीदारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन के विस्तार को दर्शाती है। पहले दिन मुख्यमंत्री ने साझेदार देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ संवाद किया और वन-टू-वन बैठकें कीं। आयोजन के शुरुआती चरण में 280 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी दर्ज की गई। B2B बैठकें, कंट्री सेशन और राउंडटेबल चर्चा विदेशी प्रतिनिधिमंडलों एवं उत्तर प्रदेश के कारोबारियों के बीच सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध करा रही हैं।
रूस और वियतनाम के साथ कारोबारी संवाद
पहले दिन आयोजित रूस-भारत बिजनेस डायलॉग में व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। रूस की ओर से औद्योगिक तकनीक, गैस, प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक समाधान, मेडिकल ऑक्सीजन सिस्टम और बिजनेस सर्विसेज जैसे क्षेत्रों में भागीदारी रही।
वहीं वियतनाम की भागीदारी एविएशन, पर्यटन, हेल्थकेयर, कृषि, हस्तशिल्प, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल, गारमेंट्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल और रिसाइकिल्ड फाइबर सहित कई क्षेत्रों में रही। वियतनाम के विशेष कार्यक्रम के साथ फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कारोबारी गतिविधियों को सांस्कृतिक जुड़ाव से भी जोड़ा।
एमएसएमई, स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को मंच
प्रदर्शनी में स्थापित विनिर्माताओं के साथ एमएसएमई, स्टार्टअप, कारीगर, निर्यातक, टेक्नोलॉजी कंपनियां और युवा उद्यमी भी हिस्सा ले रहे हैं। ODOP के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के विशिष्ट उत्पादों और शिल्प कौशल को प्रमुखता दी गई है। वहीं ODOC ने स्थानीय खानपान को फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और ब्रांडिंग से जोड़ने की संभावनाएं सामने रखी हैं।
आयोजन में लगभग 300 महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी भी रखी गई है, जिसे प्रदेश के कारोबारी इकोसिस्टम में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में रेखांकित किया गया है।
व्यापार के साथ दिखी उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता
UPITS 2026 में कारोबारी गतिविधियों के साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता की भी झलक देखने को मिल रही है। उद्घाटन दिवस पर शंखनाद एवं स्वस्ति वाचन से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद लोक गायन, मथुरा का लोकनृत्य, कथक नृत्य नाटिका और भजन प्रस्तुति सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ज्ञान सत्रों, कंट्री डायलॉग, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ संवाद, B2B मैचमेकिंग, ODOP-ODOC शोकेस, युवा उद्यमिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए UPITS 2026 को व्यापार, संस्कृति, नवाचार और वैश्विक साझेदारी के व्यापक मंच के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। आयोजन 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में जारी रहेगा।/INN
