मुरादाबाद। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को तहसील सदर सभागार में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी गोपाल अंजान और महिला मोर्चा की श्रीमती प्रिया अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान ‘हेल्दी बेबी शो’ का आयोजन किया गया, जिसमें स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों की स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी स्थिति को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित करते हुए उन्हें बच्चों के संतुलित आहार, स्वास्थ्य, स्वच्छता और उचित देखभाल के महत्व की जानकारी दी गई।
विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बच्चों और महिलाओं तक पोषण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी गोपाल अंजान ने ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं सुपोषित भविष्य के निर्माण में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं आज शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं तथा समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। बच्चों को उचित पोषण और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेंद्र कुमार राय, बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती जानकी देवी सहित मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया@शांतनु/INN
