मुरादाबाद। सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा मैसर्स डिजाइनको, लकड़ी फाजलपुर, दिल्ली रोड, मुरादाबाद में वृहद श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में कुल 567 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सहायक श्रमायुक्त श्री अजीत कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, मुरादाबाद के चिकित्सकों एवं ईएसआईसी की चिकित्सा टीम द्वारा 305 महिला एवं पुरुष श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा मौके पर ही आवश्यकता के अनुसार दवाइयां एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई।
इसी क्रम में सीएल गुप्ता अस्पताल, मुरादाबाद के कुशल चिकित्सकों की टीम द्वारा 262 महिला एवं पुरुष श्रमिकों की आंखों का परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार मौके पर ही उन्हें चश्मे उपलब्ध कराए गए।

शिविर के दौरान श्रमिकों के हितार्थ संचालित लेबर चौक ऐप के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। श्रमिकों के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराकर उनका पंजीकरण कराया गया। साथ ही ऐप के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के अवसरों के संबंध में जानकारी दी गई, जिससे श्रमिक ऐप के माध्यम से सरलता से रोजगार प्राप्त कर सकें।
श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के दौरान उप श्रमायुक्त, मुरादाबाद श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण, डिजाइनको के प्रबंधक एवं श्रम विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
