मुरादाबाद। शुक्रवार को गांव चक चमरीया एवं आसपास के गांवों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पीडीए के तहत ‘संविधान मान’ विषय पर मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक हाजी नासिर कुरैशी ने कहा कि पीडीए के तहत पिछड़ा, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की रक्षा तथा उनके विकास के लिए पार्टी गांव-गांव तक पहुंचकर संगठन और जनसंपर्क को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वंचित एवं पिछड़े वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें संगठन से जोड़ना है।

विधायक ने कहा कि पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, नौजवान और अन्य वर्गों के हित में कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई थीं। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान युवाओं, किसानों के साथ ही शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं का लोगों को लाभ मिला।
हाजी नासिर कुरैशी ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव होने वाली मासिक बैठकों के माध्यम से पार्टी के विचारों और पीडीए के संदेश को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक के दौरान ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे@जफर/INN
