मुरादाबाद। जिले में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों के बीच वन विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के शेरपुर पट्टी गांव में कई दिनों से ग्रामीणों के बीच दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से गांव और आसपास के इलाकों में तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही थी। खेतों और आबादी के आसपास तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाओं के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल था। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी थी। इसके बाद विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए रणनीति तैयार की और उसके संभावित आवागमन वाले स्थान पर पिंजरा लगाया।
देर रात पिंजरे में फंसा तेंदुआ
वन विभाग की निगरानी और लगातार प्रयासों के बाद देर रात तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सुबह इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। वन विभाग की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच तेंदुए को पिंजरे समेत कब्जे में लिया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार शेरपुर पट्टी में पकड़ा गया तेंदुआ जिले में इस अभियान के दौरान पकड़ा गया 20वां तेंदुआ है। इनमें ठाकुरद्वारा क्षेत्र से 15 और कांठ क्षेत्र से पांच तेंदुए पकड़े जा चुके हैं। लगातार तेंदुओं की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने जिले के कई संवेदनशील क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान तेज कर रखा है।
46 पिंजरों से चल रही निगरानी
तेंदुओं की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने अलग-अलग संवेदनशील क्षेत्रों में 46 पिंजरे लगाए हैं। वन विभाग की टीमें इन क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। कैमरा ट्रैप, गश्त और ग्रामीणों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर तेंदुओं की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।
हालांकि 20 तेंदुओं के पकड़े जाने के बावजूद कई गांवों में अभी भी तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। इससे वन विभाग के सामने चुनौती बनी हुई है। विभाग की टीमें सूचना मिलने वाले क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और आवश्यकता के अनुसार वहां पिंजरे लगाए जा रहे हैं।
चार लोगों की हो चुकी है मौत
जिले में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार तेंदुओं के हमलों में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। इसके बाद वन विभाग ने संवेदनशील गांवों में विशेष सतर्कता बरतने और तेंदुओं को पकड़ने के लिए अभियान को और तेज किया है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि तेंदुआ दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसके पास जाने या उसे घेरने का प्रयास न करें। भीड़ लगाकर तेंदुए को देखने या उसका पीछा करने से स्थिति खतरनाक हो सकती है। ग्रामीणों से कहा गया है कि तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित स्थान पर रहें।
शेरपुर पट्टी में तेंदुए के पिंजरे में कैद होने से ग्रामीणों को फिलहाल राहत मिली है, लेकिन जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में तेंदुओं की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की निगरानी और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है@जफर/INN
