मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। इस संबंध में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीमती संगीता गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, अपर जिलाधिकारी नगर अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक जितेंद्र पाल, सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय में बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित गाइडलाइन एवं मानकों के अनुरूप निर्वाचन की सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाएगी। नाम निर्देशन की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026, नाम निर्देशनों की संवीक्षा 07 अक्टूबर 2026 तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जनपद मुरादाबाद में कुल 12 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें तहसील कार्यालय ठाकुरद्वारा, क्षेत्र पंचायत कार्यालय डिलारी, तहसील कार्यालय कांठ, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भोजपुर-धर्मपुर (भगतपुर टांडा), क्षेत्र पंचायत कार्यालय मूढ़ापांडे, तहसील कार्यालय कांठ रोड मुरादाबाद कक्ष-1, तहसील कार्यालय कांठ रोड मुरादाबाद कक्ष-2, तहसील कार्यालय कांठ रोड मुरादाबाद कक्ष-3, क्षेत्र पंचायत कार्यालय मुरादाबाद, कृषि उत्पादन मंडी समिति मझोला, क्षेत्र पंचायत कार्यालय कुंदरकी (डींगरपुर) तथा तहसील कार्यालय बिलारी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय से सत्यापन कर लिया जाए तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहने पाए@शांतनु/INN
