मुरादाबाद। भोजपुर कस्बे के मोहल्ला जमीदारान में घर के आंगन में सो रहे एक युवक पर कुछ लोगों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर चाकू से वार करने के साथ ही लोहे की रॉड से भी मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान उसकी बहन को भी चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार कराया गया।
पीड़ित मोहम्मद इमरान पुत्र इंतजार अली निवासी मोहल्ला जमीदारान, कस्बा भोजपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने घर के आंगन में सो रहा था। इसी दौरान नाजिर पुत्र कासम, आसिफ, आरिफ पुत्र कासम, चांद पुत्र भूरा तथा दो अज्ञात लोग वहां पहुंच गए।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने आते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू से वार किया और लोहे की रॉड से भी उस पर हमला किया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान इमरान की बहन भी चोटिल हो गई।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल 112 पीआरवी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल इमरान को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपों की सत्यता और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है@जफर/INN
