मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को दिल्ली रोड स्थित एक बैंकेट हॉल में आयोजित मंडल स्तरीय बैठक में चुनाव की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर पदाधिकारियों के साथ विस्तृत मंथन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मंचासीन वरिष्ठ नेताओं एवं अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर स्वागत किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाते हुए संगठन के स्तर पर मतदाताओं से संपर्क और समन्वय की प्रक्रिया को मजबूत किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के बाद मिशन-2027 की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में भाजपा के प्रत्याशी एवं वर्तमान एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने चुनाव को लेकर संगठन के समक्ष अपनी कार्ययोजना रखी। उन्होंने मतदाता संपर्क, संगठनात्मक समन्वय और बूथ स्तर तक चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पदाधिकारियों से चर्चा की।

उन्होंने मंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चुनाव अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को पुनः प्रत्याशी बनाया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षक MLC चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
बैठक में मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के भाजपा पदाधिकारी प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी प्रमेंद्र जांगड़ा, चुनाव संयोजक एवं एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, कुंवर महाराज सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री रूपेंद्र सैनी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव सिसोदिया सहित महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल, बिजनौर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बॉबी, संभल जिलाध्यक्ष हरेंद्र रिंकू सिंह, अमरोहा जिलाध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी और रामपुर जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित चुनाव संयोजक, सह-संयोजक एवं अन्य संगठन पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए। बैठक का संचालन पूर्व क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया/INN
