भारत की निशानेबाज नीरू ढांढा ने 2026 एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की ट्रैप शूटिंग व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने एशियन गेम्स में एक नया रिकॉर्ड भी कायम किया।
फाइनल में नीरू को कुल 30 शॉट मिले, जिसमें उन्होंने 28 निशाने सटीक लगाए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने प्रतियोगिता का रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। चीन की सुन युनगोंग ने 26 के स्कोर के साथ सिल्वर, जबकि कुवैत की हजर अब्दुलमलिक ने 21 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
नीरू की इस उपलब्धि की खास बात यह है कि वह एशियन गेम्स के इतिहास में महिलाओं की ट्रैप शूटिंग व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गई हैं।
नीरू ने क्वालीफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। वह 118 के स्कोर के साथ कतर की निशानेबाज के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर रही थीं।
भारत के लिए ट्रैप शूटिंग की व्यक्तिगत स्पर्धा में आखिरी गोल्ड 1978 में रणधीर सिंह ने जीता था। इसके 48 साल बाद नीरू ढांढा ने भारत को इस स्पर्धा में फिर से स्वर्ण पदक दिलाया है।
इस गोल्ड के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या 5, जबकि कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है।
