मंडी धनौरा (अमरोहा)। गाजियाबाद निवासी एवं प्रख्यात पर्यावरण कार्यकर्ता डॉ. रूपचंद नागर को पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान तथा उनकी पुस्तक ‘मानव कृत प्रदूषण: ब्रह्मांड की समस्या, कारण और निवारण’ के लिए श्रीलंका के कोलंबो स्थित प्रधानमंत्री आवास ‘टेंपल ट्रीज’ में आयोजित समारोह में अंतरराष्ट्रीय ‘ग्लोबल ब्रांड अवार्ड-2026’ से विभूषित किया गया है। श्रीलंका के 7वें राष्ट्रपति द्वारा ‘एक्सीलेंस इन सोशल वेलफेयर (एनवायरनमेंट)’ श्रेणी में मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान के बाद अपनी पत्नी श्रीमती कविता नागर के साथ मंडी धनौरा पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पर्यावरण एवं जलस्रोतों को बचाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत डॉ. रूपचंद नागर ने गजरौला क्षेत्र में रासायनिक कारखानों के प्रदूषण से बगद नदी के पुनरुद्धार के लिए जनांदोलन का नेतृत्व किया था।

उनके मार्गदर्शन में बदायूं से गजरौला तक निकाली गई पदयात्रा का समापन राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर आयोजित विशाल जनसभा में हुआ था, जिसे मैग्सेसे पुरस्कार विजेता ‘जलपुरुष’ राजेंद्र सिंह ने संबोधित किया था।

श्रीलंका से अंतरराष्ट्रीय गौरव हासिल कर वापस लौटने पर डॉ. बी.एस. जिंदल अस्पताल में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान डॉ. नागर ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से डॉ बीएस जिंदल, कैलाश गुर्जर, नरेंद्र कटारिया, ऋषिपाल सिंह, भारतीय किसान यूनियन ( लोकशक्ति) के राष्ट्रीय सचिव सुमित नागर, अखिलेश भाटी आदि गणमान्य जन उपस्थित थे@MP SINGH/INN
