मुरादाबाद। लाकड़ी फाजलपुर स्थित इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग डिपो में मंगलवार को प्रबंध निदेशक अम्बरीन अख्तर और उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनुराग यादव ने निरीक्षण कर बस संचालन एवं डिपो की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने डिपो परिसर का भ्रमण करते हुए चार्जिंग व्यवस्था, बसों के रखरखाव, साफ-सफाई और संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक बसों की स्थिति और उनके नियमित संचालन के संबंध में कर्मचारियों से जानकारी ली। साथ ही बसों की चार्जिंग प्रक्रिया, चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था तथा डिपो में वाहनों के आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बसों के संचालन में तकनीकी अथवा प्रबंधन स्तर पर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने डिपो परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। बसों की नियमित जांच और समय से आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बसों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चार्ज करने के साथ ही उनकी तकनीकी स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जाए।
अधिकारियों ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें शहर में यात्रियों को सुगम और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में इनके संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुचारु रखना जरूरी है। डिपो में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान कराने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डिपो में तैनात कर्मचारियों से संचालन संबंधी जानकारी लेते हुए उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इसके बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डिपो के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे@शांतनु/INN
