मुरादाबाद। आयुक्त बरेली मण्डल एवं रिटर्निंग ऑफिसर, बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शम्भु कुमार ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद के सदस्य के निर्वाचन की प्रक्रिया के अंतर्गत निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामनिर्देशन-पत्र 06 अक्टूबर 2026 तक रिटर्निंग ऑफिसर अथवा अपर आयुक्त प्रशासन, बरेली मण्डल, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को अभ्यर्थी अथवा उसके किसी प्रस्थापक द्वारा लोक अवकाश के दिन को छोड़कर प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे के मध्य आयुक्त न्यायालय कक्ष, बरेली में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
नामनिर्देशन-पत्र के प्रारूप भी निर्धारित स्थान एवं समय पर प्राप्त किए जा सकेंगे। प्राप्त नामनिर्देशन-पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे आयुक्त न्यायालय कक्ष, बरेली में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थिता वापस लेने की सूचना अभ्यर्थी अथवा उसके किसी प्रस्थापक द्वारा अथवा अभ्यर्थी द्वारा लिखित रूप से अधिकृत निर्वाचन अभिकर्ता द्वारा निर्धारित अधिकारियों में से किसी अधिकारी को उनके कार्यालय में 09 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे से पूर्व प्रस्तुत की जा सकेगी।
रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि यदि निर्वाचन लड़ा जाता है तो 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा@शांतनु/INN
