मुरादाबाद। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर विकास खंड मूंढापांडे के प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर नगली में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ एवं सुरक्षित हृदय के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों एवं प्रेरक नारों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने “दिल बचाओ, जीवन संवारो” तथा “दिल को स्वस्थ रखें, जीवन को खुशहाल बनाएं” जैसे प्रेरक संदेशों वाले पोस्टर हाथों में लेकर हृदय को स्वस्थ रखने के उपाय बताए। विद्यार्थियों ने बताया कि नियमित रूप से व्यायाम एवं शारीरिक गतिविधियां करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा स्वस्थ आदतों को अपनाने से हृदय को स्वस्थ रखने में सहायता मिलती है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. हरनन्दन प्रसाद ने कहा कि विश्व हृदय दिवस जैसे अवसरों पर विद्यालयों में आयोजित जागरूकता गतिविधियां बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति समझ विकसित होने के साथ-साथ उनके ज्ञान एवं अधिगम स्तर में भी वृद्धि होती है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे स्वयं स्वस्थ रहने के साथ अपने परिवार एवं समाज को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर सकें@जफर/INN
