मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को जनपद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चोरी के तीन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी के मामलों में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में सात लोगों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कांठ में बालू से भरा सीज डंपर चोरी करने वाला गिरफ्तार
थाना कांठ पुलिस ने सीज किए गए बालू से भरे डंपर को चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को थाना कांठ के हेड मोहर्रिर मोनू कुमार ने तहरीर देकर रोड पर खड़े सीजशुदा डंपर को चोरी किए जाने की जानकारी दी थी। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 243/2026 के तहत धारा 305(E) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने 28 सितंबर की रात रूपबसंत पुत्र जयमल निवासी मोहल्ला भरतपुर, कस्बा दढ़ियाल, थाना टांडा, रामपुर को गिरफ्तार किया। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।

भगतपुर में घर में घुसकर नकदी और दस्तावेज चोरी का आरोपी पकड़ा
थाना भगतपुर पुलिस ने घर में घुसकर मोबाइल, नकदी, ईयरबड, स्कूल बैग और महत्वपूर्ण शैक्षिक एवं अन्य दस्तावेज चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम चतरपुर नायक निवासी संजीव कुमार ने 25 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से बेटे का मोबाइल, ईयरबड, स्कूल बैग, 50 हजार रुपये नकद तथा 10वीं-12वीं की अंकतालिकाएं, जाति प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज चोरी हो गए।
इस मामले में थाना भगतपुर में धारा 305A बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। मंगलवार को पुलिस ने तिलकराज उर्फ राजू पुत्र रूपकिशोर निवासी नदीपार मेवला फार्म, रामपुर को गिरफ्तार कर लिया।
मझोला में बाइक चोरी का आरोपी गिरफ्तार
थाना मझोला पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 28 सितंबर को बाइक चोरी के संबंध में तहरीर मिलने पर मुकदमा अपराध संख्या 1085/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मोटरसाइकिल बरामद होने पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने मंगलवार को अंकित पुत्र पान सिंह निवासी बड़ा मंदिर के पास, कस्बा एवं थाना पाकबड़ा, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया।

शांति भंग में सात लोगों पर कार्रवाई
अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के अभियान के तहत जनपद पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में सात लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार सभी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इनमें थाना कांठ से एक, ठाकुरद्वारा से दो और भगतपुर से चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई@जफर/INN
