समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों की सुरक्षा और लोकतंत्र सेनानियों से जुड़े मुद्दों को लेकर कई घोषणाएं की हैं। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पत्रकारों को बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट उपलब्ध कराए जाएंगे। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में पत्रकारों के साथ भी अन्याय हो रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में पत्रकारों की अहम भूमिका है, इसलिए उनकी सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
इसके अलावा सपा कार्यालय पहुंचे लोकतंत्र सेनानियों से मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने उनकी मांगों पर अमल का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों को मिलने वाली मासिक सम्मान राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये की जाएगी। साथ ही सरकारी अस्पतालों में उनके लिए विशेष व्यवस्था कर मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात कही।
अखिलेश यादव ने लोकतंत्र सेनानियों के लिए ट्रेन और बस किराए में छूट से जुड़े मुद्दों को भी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में शामिल करने की बात कही।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डिप्टी सीएम को अब ई-रिक्शा बुक कर लेना चाहिए, क्योंकि उनके कार्यकाल में अस्पतालों की व्यवस्था ही बीमार हो गई है।
शाहजहांपुर में साधुओं की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस सरकार में साधुओं को न्याय नहीं मिल रहा है। साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि पुलिस बीजेपी कार्यकर्ता की तरह काम कर रही है।
विकास कार्यों को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का उदाहरण देते हुए दावा किया कि करीब 7 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने एक्सप्रेसवे के 45 किलोमीटर के हिस्से में 74 गड्ढे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी ही बनाई सड़क को बेहतर स्थिति में नहीं रख पा रहे हैं।
लखनऊ में बारिश के बाद जलभराव का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि नालों और नदियों की सफाई के बजाय बजट ही साफ हो गया। वहीं, आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि PDA और Gen-Z मिलकर बीजेपी को पूरी तरह हटा देंगे।
