मुरादाबाद। निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर मुरादाबाद पेरेंट्स ऑफ ऑल स्कूल के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं जिला शुल्क नियामक समिति के अध्यक्ष से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी का बुके भेंट कर स्वागत किया और इसके बाद विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
अभिभावक संघ ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 से निजी स्कूलों में सभी कक्षाओं के लिए शत-प्रतिशत एनसीईआरटी पुस्तकों को लागू कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। संघ का कहना है कि कई निजी विद्यालयों में महंगी निजी प्रकाशकों की पुस्तकें लगाए जाने से अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है। ऐसे में विद्यालयों को एनसीईआरटी की पुस्तकों के उपयोग के संबंध में समय रहते स्पष्ट निर्देश जारी किए जाने चाहिए।
संघ ने सत्र 2026-27 में कक्षा एक से 12 तक निजी प्रकाशकों की पुस्तकें लागू करने वाले विद्यालयों की विषयवार और कक्षावार जांच कराने की भी मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आगामी सत्र शुरू होने से पहले सभी संबंधित विषयों में एनसीईआरटी पुस्तकों की उपलब्धता और अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए।
अभिभावक संघ ने स्कूलों द्वारा किताबें, यूनिफॉर्म, जूते, मोजे और स्टेशनरी आदि किसी निर्धारित दुकान से ही खरीदने के लिए अभिभावकों पर कथित रूप से बनाए जाने वाले दबाव का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी व्यवस्था पर प्रभावी रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि अभिभावकों को अपनी सुविधा और बाजार के अनुसार सामग्री खरीदने का विकल्प मिलना चाहिए।
ज्ञापन में निजी विद्यालयों की फीस वृद्धि का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने जिला शुल्क नियामक समिति की पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों का हवाला देते हुए स्कूलों द्वारा की गई फीस वृद्धि की समीक्षा और जांच कराने की मांग रखी।
अभिभावक संघ ने विद्यालयों की फीस के लिए अलग-अलग स्लैब निर्धारित करने तथा निर्धारित नियमों से अधिक फीस वसूलने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही जिन विद्यालयों की शिकायतों अथवा नियमों के उल्लंघन के मामलों में दोबारा जांच कराई जा चुकी है, उनकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किए जाने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला शुल्क नियामक समिति की आगामी बैठकों में अभिभावक संघ के प्रतिनिधियों को भी शामिल किए जाने का अनुरोध किया, ताकि अभिभावकों से जुड़े विषयों को समिति के समक्ष सीधे रखा जा सके।
इस दौरान अनुज गुप्ता एडवोकेट, अंकित अग्रवाल, राजदीप गोयल, राजीव सिंह, आकाश रस्तोगी, प्रतीक गोयल और मनोज प्रजापति समेत अभिभावक संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे@शांतनु/INN
