मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बुद्धि विहार स्थित भाजपा कार्यालय में जिला कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय करने और बूथ स्तर तक चुनावी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शिक्षक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाने और शिक्षक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने को कहा। उन्होंने कहा कि संपर्क के दौरान शिक्षकों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर उन्हें संगठन तक पहुंचाया जाए।

जिलाध्यक्ष ने मतदाता सूची के सत्यापन, संपर्क अभियान और संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की चुनावी कार्ययोजना को बूथ स्तर तक पहुंचाते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में शिक्षक मतदाताओं के साथ संवाद स्थापित करे।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला प्रभारी एवं निवर्तमान क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल मौजूद रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया। उन्होंने चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडल और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने तथा शिक्षक मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और शिक्षक वर्ग से जुड़े विषयों को पहुंचाने के लिए व्यवस्थित संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया।

विकास अग्रवाल ने कहा कि चुनावी तैयारियों में व्यक्तिगत संपर्क, संवाद और संगठन के भीतर बेहतर समन्वय की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार काम करने और शिक्षक मतदाताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान मंडलवार संगठनात्मक गतिविधियों, मतदाता संपर्क अभियान और बूथ प्रबंधन से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि शिक्षकों से संपर्क के दौरान उनके स्थानीय और व्यावसायिक विषयों को समझते हुए उनकी बात संगठन तक पहुंचाई जाए। साथ ही शिक्षक समुदाय के साथ संवाद को चुनावी गतिविधियों तक सीमित न रखकर निरंतर संपर्क के रूप में आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश सिंह, राजपाल चौहान, सुरेश सैनी, पूर्व विधायक राजेश कुमार चुन्नू, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन चौधरी विजय सिंह, जिला महामंत्री नवीन चौधरी, आदित्य शंख्यधर, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, पूर्व जिला महामंत्री चौधरी हुकुम सिंह, आचार्य नरेंद्र, जिला उपाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह सैनी, गजेंद्र चौधरी, मयूर भाटिया, कमल प्रजापति, चकित चौधरी, डॉ. यशवीर सिंह, आदेश चौधरी, जिला मंत्री अरुण पंडित, विक्रांत चौधरी, काशीष चौहान, लक्की चौधरी, ज्योति वाल्मीकि, सिंपल चौहान, लवी सक्सेना, सत्येंद्र चौधरी, सुमित दिवाकर, विकास शर्मा, सत्येंद्र गडकरी, दीपक गोस्वामी, रितिक चौधरी, अर्पित चौहान, दिव्यांश बिश्नोई, प्रज्ञात चौधरी, पारस शर्मा, आंचल चौधरी, अंकुश चौहान, ऋतिक बिश्नोई सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के समापन पर संगठन पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और शिक्षक मतदाताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की@शांतनु/INN
