हमास की कैद से सभी जीवित बंधकों की वापसी को लेकर इजरायल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कद काफी बढ़ गया है. सोमवार को बंधकों की रिहाई के बीच ट्रंप जब इजरायली संसद नेसेट में पहुंचे, सांसदों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया. ट्रंप इजरायली संसद के सत्र को संबोधित करने इजरायल पहुंचे हैं जहां उन्हें सांसदों ने ढाई मिनट का स्टैंडिंग ओवेशन दिया.
ट्रंप जैसे ही संसद में अपने संबोधन के लिए मंच पर पहुंचे, नेसेट गार्ड के सदस्य तुरही बजाने लगे और सांसदों ने खड़े होकर ढाई मिनट तक तालियां बजाईं. ट्रंप के साथ मौजूद इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए भी सांसदों ने खूब तालियां बजाई और उनके उपनाम ‘बीबी’ का जयकारा लगाया.
नेतन्याहू ने ट्रंप को इजरायल का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार दिया है. पुरस्कार देते वक्त नेतन्याहू इस बात को लेकर आश्वस्त दिखे कि अमेरिकी राष्ट्रपति को शांति का नोबेल पुरस्कार जरूर मिलेगा. इस साल ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिल पाया है. नेतन्याहू ने ट्रंप को इजरायल के सर्वोच्च सम्मान से नवाजते हुए कहा कि शांति का नोबेल पुरस्कार ट्रंप को जरूर मिलेगा, भले ही इसमें समय लग जाए.
सोमवार को जब ट्रंप इजरायल पहुंचे तब पीएम नेतन्याहू ने उनका जोरदार स्वागत किया. मुलाकात के बाद नेतन्याहू ने ट्रंप को शांति स्थापित करने के प्रतीक के तौर पर एक सुनहरा कबूतर गिफ्ट किया है. गोल्डन पीस पीजन का यह उपहार ट्रंप के लिए बेहद खास माना जा रहा है.
