मुरादाबाद। लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री द्वारा छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का जनपद मुरादाबाद के शिक्षण संस्थानों में सजीव प्रसारण किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के कुल 4.60 लाख छात्र-छात्राओं को 148.00 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
जनपद मुरादाबाद में कक्षा 9-10 एवं कक्षा 11-12 के छात्र-छात्राओं को कुल 116.95 लाख रुपये की छात्रवृत्ति उनके बैंक खातों में आधार आधारित भुगतान के माध्यम से अंतरित की गई। जनपद में कुल 4,635 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति से लाभान्वित हुए।
वितरण के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग में कक्षा 9-10 के 563 छात्र-छात्राओं को 7.88 लाख रुपये तथा कक्षा 11-12 के 528 छात्र-छात्राओं को 6.40 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। सामान्य वर्ग में कक्षा 9-10 के 198 छात्र-छात्राओं को 5.94 लाख रुपये तथा कक्षा 11-12 के 205 छात्र-छात्राओं को 6.28 लाख रुपये वितरित किए गए।

इसी प्रकार अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) में कक्षा 9-10 के 1,050 छात्र-छात्राओं को 23.62 लाख रुपये तथा कक्षा 11-12 के 855 छात्र-छात्राओं को 28.04 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। अल्पसंख्यक वर्ग में कक्षा 9-10 के 684 छात्र-छात्राओं को 20.52 लाख रुपये तथा कक्षा 11-12 के 552 छात्र-छात्राओं को 18.25 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।
छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में सजीव प्रसारण देखने की समुचित व्यवस्था की गई। महर्षि दयानन्द इंटर कॉलेज, कांठ में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष आकाश पाल, पूर्व विधायक राजेश कुमार उर्फ चुन्नू, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्रीमती तूलिका शर्मा उपस्थित रहीं।
आकांक्षा विद्यापीठ इंटर कॉलेज, मिलन विहार में विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त तथा प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विजय कुमार यादव उपस्थित रहे। शिवराज सिंह इंटर कॉलेज, मूंढापांडे में विधायक श्री रामवीर सिंह एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्री दिलीप कुमार तथा महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, मुरादाबाद में नगर विधायक रितेश गुप्ता एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रितू तोमर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने माननीय मुख्यमंत्री जी के संबोधन एवं राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे बैंक खातों में आधार आधारित भुगतान के माध्यम से अंतरित किए जाने से पात्र विद्यार्थियों को योजना का पारदर्शी एवं सुगम लाभ प्राप्त हुआ@शांतनु/INN
