मुरादाबाद। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइंस थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से स्मैक और चरस के साथ बड़ी मात्रा में नकदी तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सना और सायरा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 13.04 ग्राम स्मैक और 2.135 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने 97,840 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिया है।
पुलिस का कहना है कि बरामद मादक पदार्थों की बाजार कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों महिलाओं के नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थों की खेप उन्हें कहां से मिलती थी और इसे किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाता था। साथ ही पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी@शांतनु/INN
