मुरादाबाद। स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुरादाबाद चैरिटेबल ट्रस्ट एंड हेल्थ रिसर्च सेंटर की ओर से ‘Health Forever – Stay Well’ पहल के अंतर्गत विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग परिसर में अत्याधुनिक लॉन टेनिस एवं पिकलबॉल कोर्ट का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय करण दुग्गल की स्मृति में खिलाड़ियों के लिए स्थापित वाटर कूलर के लोकार्पण एवं रिबन कटिंग से हुई। इसके बाद लॉन टेनिस और पिकलबॉल कोर्ट का औपचारिक उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम को विधिवत आगे बढ़ाया।

इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह (PPS) का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के चेयरमैन कमल चंद्र अग्रवाल, वाइस चेयरमैन जेपी सिंह, सचिव नीरज विनोद खन्ना, कोषाध्यक्ष रोहित ढल तथा नोडल अधिकारी नजमुल इस्लाम सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
खेल, समाजसेवा और वेलनेस से जुड़े लोगों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान श्री विनोद खन्ना एप्रिसिएशन अवॉर्ड्स के माध्यम से खेल, समाजसेवा एवं वेलनेस के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रवि कुमार (बॉक्सर), गगन दुग्गल, विकास कपूर, प्रो. अनिल चौहान एवं श्रीमती सोनू चौहान को सम्मानित किया गया।

इसके बाद रोहित ढल ने ‘Health Forever – Stay Well’ पहल के उद्देश्य और आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पहल के माध्यम से मुरादाबाद के लोगों को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत लॉन टेनिस, पिकलबॉल, जुम्बा, टेबल टेनिस, डाइट एवं हेल्थ कंसल्टेशन सहित विभिन्न गतिविधियों और सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव : कुमार रणविजय सिंह
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ समाज की नींव है। उन्होंने टेनिस और पिकलबॉल जैसी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ट्रस्ट की पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की आधुनिक खेल सुविधाओं से मुरादाबाद की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया मंच मिल सकता है।
उपचार से पहले बचाव की संस्कृति पर जोर
ट्रस्ट के सचिव नीरज विनोद खन्ना ने टेनिस कोर्ट की विशेषताओं की जानकारी देते हुए प्रीवेंटिव हेल्थ यानी रोगों से बचाव की संस्कृति पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य ‘हेल्थ फॉरएवर’ के मंत्र के साथ लोगों को उपचार से पहले स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियां व्यक्ति को सक्रिय रखने के साथ हृदय रोग, मधुमेह और तनाव जैसी जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी स्वास्थ्य और खेल से जुड़ी सुविधाओं को विकसित करने के लिए प्रयास करता रहेगा।
गांधी जयंती पर गांधीजी के विचारों को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के चेयरमैन कमल चंद्र अग्रवाल ने गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और सिद्धांतों को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के साथ मानवता, सादगी, अनुशासन और सेवा-भाव को अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
ट्रस्ट के सचिव नीरज विनोद खन्ना, अवधेश अग्रवाल एवं नावेद-उर-रहमान ने भी खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियों से व्यक्ति फिट, सक्रिय और स्वस्थ रह सकता है।
अतिथि को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन पर मुरादाबाद चैरिटेबल ट्रस्ट एंड हेल्थ रिसर्च सेंटर की ओर से पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं गणमान्य लोगों के लिए रात्रि भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अमित गुप्ता, सलमान आजम, जिशान अली, सुरेश अग्रवाल, वीरेंद्र अरोड़ा, ट्रस्ट के निदेशक डॉ. हरजीत सिंह, जीएम अनुराग शंकर मिश्रा, खत्री सभा के कोषाध्यक्ष दीपक कपूर, सुमित टंडन एडवोकेट, विवेक अग्रवाल, गगन दुग्गल, ऋषि ढल, रजत ढल, ऋषि पुरी, करण महाजन, विनय गुलाटी, तुषार सिक्का, निशांत रस्तोगी, रजत अग्रवाल, दिनेश कपूर, राकेश कपूर, लक्ष्मण खन्ना, प्रमोद खन्ना, संजीव कपूर, राजेश खन्ना, राहुल टंडन, अनुज टंडन, अमित टंडन, अतुल दुबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य एवं सम्मानित लोग उपस्थित रहे@शांतनु/INN
