मुरादाबाद। नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर में शनिवार को समाजवादी पार्टी की बैठक देहात विधानसभा क्षेत्र-27 के अध्यक्ष मोईउद्दीन के कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों के साथ संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधानसभा स्तर पर बैठकें कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

जयवीर सिंह यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी की ओर से उठाए जा रहे सवालों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी तथा लोगों को उनके वोट के अधिकार के प्रति जागरूक करेगी। पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग भी उठाई जा रही है।

बैठक में वक्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनसमस्याओं को भी प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि इन विषयों को लेकर जनता के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा। सपा नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया।

बैठक में रविवार को प्रस्तावित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को लेकर निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस दौरान भोला मेंबर, एजाज अंसारी, मुरसलीन पीरजी, नबिया उस्ताद, बब्बू चौधरी, रशीद चौधरी, इमरान मंसूरी, मोबीन कुरैशी, शहीद कुरैशी, फहीम मंसूरी, जफर भाई, बिलाल खान, पूर्व सभासद इरफान, राहुल यादव, राहुल वाल्मीकि, तौफीक सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे@जफर/INN
