मुरादाबाद। जिलाधिकारी मुरादाबाद के निर्देशों के क्रम में औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों, निर्माण श्रमिकों तथा अन्य श्रमिकों को कार्यस्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को निर्माणाधीन गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय, हरदासपुर, डिलारी रोड, मुरादाबाद में ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, मुरादाबाद तथा सीएल गुप्ता आई अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने श्रमिकों की जांच की। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने लगभग 298 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान आवश्यकता के अनुसार ब्लड टेस्ट, बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, आरबीएस, एचआईवी, एनीमिया तथा सांस संबंधी बीमारियों की जांच की गई। जांच के बाद श्रमिकों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गईं।

शिविर में 167 श्रमिकों की मौके पर आंखों की जांच की गई, जबकि 72 श्रमिकों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। आंखों की जांच के दौरान 12 श्रमिकों में मोतियाबिंद पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। शिविर के अतिरिक्त श्रमिक सम्मान शिविर में कुल 465 श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
56 निर्माण श्रमिकों का पंजीयन
श्रम विभाग की टीम ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 56 निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण किया। श्रमिकों को ‘डिजिटल लेबर चौक ऐप’ के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा उनके मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराकर 124 श्रमिकों का पंजीयन कराया गया। ऐप के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के अवसरों की जानकारी भी श्रमिकों को दी गई।

श्रम प्रवर्तन अधिकारी केपी सिंह, दुर्गेश सिंह एवं सुधीर कुमार ने श्रमिकों को पंजीयन, नवीनीकरण तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर के दौरान 11 निर्माण श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर में सहायक श्रमायुक्त, सहायक निदेशक कारखाना, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगवानपुर की टीम तथा श्रम विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे@शांतनु/INN
