मुरादाबाद। मुरादाबाद पुलिस ने गुरुवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान अवैध तमंचे और कारतूस के साथ एक आरोपी, 1.098 किलोग्राम चरस के साथ एक आरोपी, दुष्कर्म व अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में एक आरोपी तथा मारपीट और कार कब्जे में लेने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

कांठ पुलिस ने तमंचे के साथ आरोपी दबोचा
थाना कांठ पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान मौ. जकी पुत्र मौ. खुर्शीद निवासी मूंढाखेड़ी, थाना छजलैट को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामले में थाना कांठ पर मुकदमा अपराध संख्या 249/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

1.098 किलो चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना कटघर पुलिस ने 7 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान विशाल पुत्र जगदीश निवासी गुलाबबाड़ी, थाना कटघर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1,098 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। इस संबंध में थाना कटघर में मुकदमा अपराध संख्या 587/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है।

दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोप
थाना भगतपुर क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म और उसका अश्लील वीडियो बनाकर व्हाट्सऐप पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने अनुराग पुत्र मुन्नू निवासी ग्राम चांदपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर को पीड़िता के परिजन की तहरीर पर थाना भगतपुर में मुकदमा अपराध संख्या 315/2026 दर्ज किया गया था।
मामले में बीएनएस की धारा 65(1), पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 तथा आईटी एक्ट की धारा 67A के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

रास्ता रोककर मारपीट और कार कब्जे में लेने के मामले में दो गिरफ्तार
थाना मैनाठेर पुलिस ने रास्ता रोकने, गाली-गलौज, मारपीट और कार कब्जे में लेने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताहिर पुत्र मुन्नन और इमरान पुत्र शकील, निवासी ग्राम शेखपुर खास, थाना कुन्दरकी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता के भाई जानेआलम का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की गई और उसकी कार कब्जे में ले ली गई। मामले में थाना मैनाठेर पर मुकदमा अपराध संख्या 185/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सफेद रंग की एक कार बरामद की गई है।
शांति व्यवस्था भंग करने पर एक व्यक्ति हिरासत में
इसके अलावा जनपदीय पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को धारा 170/126/135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा@जफर/INN
