बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाला धमकी भरा फोन आने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा गैंगस्टर हैरी बॉक्सर बताया था। यह मामला अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना के बाद सामने आया है। हालांकि, शुरुआती जांच में यह कॉल फर्जी यानी प्रैंक कॉल होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरे कॉल में सुनाई देने वाली आवाज का मुंबई पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर के वॉयस सैंपल से मिलान नहीं हुआ है। इसके बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं किसी दूसरे व्यक्ति ने गैंगस्टर का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने की कोशिश तो नहीं की। फिलहाल इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई है।
बॉलीवुड कलाकारों की सुरक्षा की होगी समीक्षा
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बॉलीवुड से जुड़े कई निर्माता, निर्देशक और कलाकारों को धमकियां मिलने की चर्चाएं सामने आई हैं। हालांकि, अभी तक इन घटनाओं के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच मुंबई पुलिस बॉलीवुड की उन हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की तैयारी कर रही है, जिन्हें किसी गैंग या अन्य आपराधिक तत्वों से खतरा हो सकता है। दिवाली से पहले इस संबंध में एक बैठक होने की संभावना है, जिसमें जरूरत के अनुसार कलाकारों की सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा।
तुषार कपूर के घर के बाहर पुलिस तैनात नहीं
अभिनेता तुषार कपूर मुंबई के जुहू इलाके में स्थित कृष्णा बंगले में रहते हैं। वह अभिनेता जितेंद्र के बेटे और फिल्म निर्माता एकता कपूर के भाई हैं। धमकी मिलने की खबर के बावजूद फिलहाल उनके बंगले के बाहर मुंबई पुलिस की ओर से कोई अतिरिक्त सुरक्षा तैनात नहीं की गई है। हालांकि, कपूर परिवार ने अपनी तरफ से निजी सुरक्षाकर्मी और बाउंसर तैनात किए हुए हैं। बंगले के मुख्य गेट से लेकर अंदर तक निजी सुरक्षा का इंतजाम मौजूद है।
मुंबई पुलिस ने धमकी मिलने वाले लोगों से अपील की है कि वे सामने आकर इसकी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि धमकी से जुड़े ऑडियो, ईमेल या किसी भी तरह के सबूत जांच में अहम भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल तुषार कपूर को मिले धमकी भरे कॉल की जांच जारी है और मुंबई पुलिस बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है।
