मुरादाबाद। सोमवार को पुलिस लाइन सभागार, मुरादाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नवागत पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अजय साहनी, मुरादाबाद परिक्षेत्र ने सलामी ग्रहण की। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और अमरोहा में आयोजित होने जा रहे ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले की सुरक्षा तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी दी।
लॉ एंड ऑर्डर और क्राइम कंट्रोल रहेगी प्राथमिकता
नवागत डीआईजी अजय साहनी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि लॉ एंड ऑर्डर (कानून-व्यवस्था) और क्राइम कंट्रोल (अपराध नियंत्रण) उनकी प्राथमिकताओं में प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गंभीरता से काम किया जाएगा। अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर रहेगा।

जनसुनवाई में मौके पर ही समस्या के समाधान का प्रयास
आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर डीआईजी ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों के पास अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों की शिकायतों का तत्काल एवं मौके पर ही निस्तारण संभव कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस अधिकारी समय से अपने कार्यालयों में बैठें, ताकि आमजन को अपनी समस्याएं रखने और उनका समाधान कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

तिगरी मेले में 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
अमरोहा में आयोजित होने जा रहे ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले की सुरक्षा तैयारियों के संबंध में डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला स्थल पर 3000 से अधिक पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी लगाई गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
पुलिस कैंपों में तैनात किए गए अधिकारी, पीएसी भी संभालेगी सुरक्षा
डीआईजी ने बताया कि मेले में पुलिस के विभिन्न कैंप स्थापित किए गए हैं, जहां अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा पीएसी के कैंप भी मेला स्थल पर लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस बल को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

गंगा किनारे 24 घंटे पुलिस पेट्रोलिंग शुरू
तिगरी मेला गंगा नदी के किनारे आयोजित होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। डीआईजी ने बताया कि गंगा किनारे पुलिस की 24 घंटे पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है। नदी क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैनात रहेंगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की पूरी कोशिश है कि तिगरी गंगा मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान डीआईजी अजय साहनी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना है। वहीं तिगरी मेले जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएगा@शांतनु – जफर/INN
