मुरादाबाद। जनपद के थाना भोजपुर क्षेत्र की नगर पंचायत भोजपुर धर्मपुर के वार्ड नंबर-5 स्थित मोहल्ला मौजूदा बगियावाला में रास्ते को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। रास्ता बंद किए जाने और मकानों के दरवाजे बंद कराने की बात सामने आने से मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है। मामले को लेकर स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच कराने और रास्ते की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गाटा संख्या 602, 596 और 604 में वर्ष 2018 के दौरान प्लॉटिंग की गई थी। उस समय प्लॉटिंग करने वालों की ओर से लोगों के आवागमन के लिए रास्ता छोड़ा गया था। इसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने भी क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। यहां पानी की पाइपलाइन बिछाने के साथ बिजली के खंभे लगवाए गए और उन पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में लंबे समय से मकान और प्लॉट आबाद हैं। लोग यहां परिवारों के साथ रह रहे हैं और नगर पंचायत को नियमित रूप से गृहकर भी जमा करते आ रहे हैं। ऐसे में अब गाटा संख्या 601 की सरकारी भूमि को लेकर रास्ता बंद करने और मकानों के दरवाजे बंद कराने की बात कही जा रही है, जिससे निवासियों के सामने आवागमन का संकट खड़ा होने की आशंका है।
गाटा संख्या की लोकेशन को लेकर भी उठाए सवाल
मोहल्लेवासियों ने गाटा संख्या 601 की वास्तविक लोकेशन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित भूमि की स्थिति स्पष्ट नहीं है और उसे गाटा संख्या 602 में दर्शाया जा रहा है। ऐसे में राजस्व अभिलेखों और मौके की वास्तविक स्थिति का मिलान कराना जरूरी है, ताकि भूमि और रास्ते को लेकर किसी तरह का भ्रम न रहे।

निष्पक्ष जांच कराकर रास्ते की समस्या सुलझाने की मांग
स्थानीय निवासियों ने अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि संबंधित गाटा संख्या 601, 602, 596 और 604 की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच कराई जाए। साथ ही मौके पर स्थिति का निरीक्षण कराकर यह स्पष्ट किया जाए कि रास्ते की वास्तविक स्थिति क्या है। उनका कहना है कि जांच के बाद ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो और मोहल्ले के लोगों का आवागमन भी प्रभावित न हो।

प्रार्थना पत्र पर मुगल अली, शाकिर, रहमान सहित अन्य मोहल्लेवासियों के नाम दर्ज हैं। अब स्थानीय लोगों को नगर पंचायत प्रशासन की जांच और कार्रवाई का इंतजार है@जफर/INN
