अमरोहा, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश के हापुड़ गढ़-गंगा मेले में ड्यूटी पूरी कर घर लौटे उत्तर प्रदेश पुलिस के 36 वर्षीय आरक्षी प्रदीप कुमार की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि फतेहगढ़ में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी प्रदीप कुमार (36) गढ़-गंगा मेला संपन्न होने के बाद सीधे मंगलवार बीती रात पत्नी सुजाता और दो बच्चों के साथ सामान्य हालत में घर पर सोए थे, लेकिन बुधवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने जगाने का प्रयास किया तो शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। उन्हें मृत पाकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची रहरा थाना पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। क्षेत्र के किसान गजराज सिंह के 36 वर्षीय बेटे प्रदीप कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र के फूलपुर निवासी थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार उनकी वर्तमान तैनाती फतेहगढ़ (फर्रुखाबाद) के थाना मऊ दरवाजा में आरक्षी के पद पर थी। इन दिनों उनकी ड्यूटी हापुड़ जनपद के ऐतिहासिक गढ़-गंगा मेले में थी। मंगलवार को मेले की ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह सीधे अपने घर चंदनपुर खादर लौट आए थे। पत्नी सुजाता के मुताबिक रात में प्रदीप की तबीयत बिल्कुल सामान्य थी और वह रोजाना की तरह परिवार के साथ सोए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक नहीं जागने पर परिजनों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और रहरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि प्रदीप कुमार ने वर्ष 2011 में होमगार्ड के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। करीब दस वर्ष तक होमगार्ड के रूप में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2021 में उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर हुआ था। इसके बाद से वह पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। गंगा मेले की ड्यूटी से सकुशल घर लौटने के कुछ ही घंटों बाद हुई उनकी अचानक मौत से परिजन, सहकर्मी और परिचित गहरे सदमे में हैं।
प्रदीप कुमार ने चंदनपुर खादर में चीनी मिल के पास अपना मकान बनाया था और करीब एक वर्ष से पत्नी सुजाता तथा दो बच्चों के साथ वहीं रह रहे थे। परिवार में नौ वर्षीय बेटा रुद्राक्ष और सात वर्षीय बेटी परी हैं। पिता की आकस्मिक मृत्यु से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। पति के निधन के बाद पत्नी सुजाता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों की भीड़ उनके आवास पर जुट रही है तथा हर कोई इस अप्रत्याशित घटना पर संवेदना व्यक्त कर रहा है@ब्यूरो/INN
