अमरोहा, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर छीतरा के पास घरेलू नाराजगी के चलते एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से पांच वर्षीय बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में दो वर्षीय मासूम बेटी को भी चोटें आई हैं।
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, बच गई बेटी की जान
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बछरायूं (अमरोहा)थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर छीतरा निवासी महिला मुस्कान (28) का बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर घर में विवाद हो गया था। उस समय उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। पारिवारिक नाराजगी से आहत होकर मुस्कान बुधवार दोपहर लगभग 12 बजकर 30 मिनट पर अपने पांच वर्षीय बेटे अबूसाद और दो वर्षीय बेटी परी को साथ लेकर घर से निकल गई और गांव के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई।
ठीक उसी समय चांदपुर (बिजनौर) से मुरादाबाद की तरफ जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजर रही थी। महिला और दो छोटे बच्चों को ट्रैक पर आते देखकर लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए। हालांकि, ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण वह पूरी तरह रुकने से पहले ही इनकी चपेट में आ गई। इस हादसे में पांच वर्षीय अबूसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। गनीमत रही कि इमरजेंसी ब्रेक लगने से ट्रेन की गति धीमी हो चुकी थी, जिससे मुस्कान व उसकी दो वर्षीय बेटी परी की जान बच गई और उसे मामूली चोटें आईं।
ग्रामीणों और पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, मुरादाबाद रेफर
ट्रेन के अचानक रुकने और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। घटना की सूचना मिलते ही बछरायूं थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तत्काल घायल मां और बेटी को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया।
चिकित्सकों ने मुस्कान की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, दो वर्षीय मासूम परी को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर घर भेज दिया गया है।
पुलिस ने पांच वर्षीय अबूसाद के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना पाकर महिला का पति और अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है साथ ही परिजनों के बयान दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है@ब्यूरो/INN
