मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में रिंग रोड पर सर्विस रोड बनवाने की मांग को लेकर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक चले धरने में ग्रामीणों ने सर्विस रोड नहीं होने से हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी रोहित देवल ने कहा कि त्रिलोकपुर के पास रिंग रोड पर सर्विस रोड नहीं होने के कारण आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण लंबे समय से सर्विस रोड निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि सर्विस रोड बनने से त्रिलोकपुर के साथ रूपपुर बहादुर, भगतपुर रतन, काशीपुर तिगरी और लालूवाला समेत आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

धरने की जानकारी पर तहसील सदर के नायब तहसीलदार अभय सिंह, क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह और एनएचएआई के उच्च अधिकारी रविंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और किसान संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता कर जल्द सर्विस रोड का निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान चौधरी रोहित देवल ने अधिकारियों को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सर्विस रोड का निर्माण शुरू होने के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा।

इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री शाकिर अली अंसारी, मंडल अध्यक्ष नाजिर पाशा, युवा जिला अध्यक्ष अरुण ठाकुर, हसन चौधरी सहित राम सिंह, भूप सिंह, भगवानदास पूर्व प्रधान, ओमप्रकाश, प्रेम सिंह, गणपत सिंह, टीकाराम, संजय यादव, राजवीर, चंद्रपाल, अशोक, विक्की, महेश समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे@जफर/INN
