प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के दौरे पर हैं. उन्होंने समस्तीपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार में एक बार फिर एनडीए और सुशासन की सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि इस बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए जीत के अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा. बिहार एनडीए को अब तक का सबसे बड़ा जनादेश देगा.
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, लोकतंत्र के महापर्व का बिगुल बन चुका है और पूरा बिहार कह रहा है, फिर एक बार एनडीए सरकार, फिर एक बार सुशासन सरकार, जंगलराज वालों को दूर रखेगा बिहार. बता दें कि महागठबंधन सीएम फेस को लेकर एनडीए पर निशाना साधता रहता है. तेजस्वी और अन्य विपक्षी नेताओं का कहना है कि बीजेपी सीएम के चेहरे के लिए नीतीश के नाम की घोषणा क्यों नहीं करती है. एनडीए में नीतीश के साथ अन्याय हो रहा है.
लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने गरीबों, दलितों, महादलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों के हितों को प्राथमिकता दी है. हमारी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया. बीजेपी एनडीए ने ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के आरक्षण को भी 10 साल के लिए और आगे बढ़ाया.
उन्होंने कहा कि हम जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रेरणा से सुशासन को समृद्धि में बदल रहे हैं, लेकिन दूसरी तरफ आरजेडी और कांग्रेस वाले क्या कर रहे हैं और क्या कह रहे हैं ये आपको मुझसे ज्यादा पता है, मुझे आपको याद दिलाने की जरूरत नहीं है. ये हजारों करोड़ रुपए के घोटालों में जमानत पर चल रहे लोग हैं और जो जमानत पर है वो चोरी के मामले में जमानत पर है. इनकी चोरी की आदत ऐसी है कि अब जननायक की उपाधि की चोरी करने में जुटे हैं. बिहार के लोग जननायक कर्पूरी बाबू का ये अपमान कभी नहीं सहेंगे.
पीएम मोदी ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस को अपने अपने परिवारों के राजनीतिक भविष्य की ही चिंता है. इसलिए आज वो बिहार के नौजवानों के सामने झूठ के नए रिकॉर्ड बना रहे हैं. आरजेडी और कांग्रेस का विकास से छत्तीस का आंकड़ा है. जहां आरजेडी जैसा दल हो वहां कानून व्यवस्था हो ही नहीं सकती. आरजेडी के शासन में यहां रंगदारी, हत्या, फिरौती, अपहरण एक उद्योग के रूप में फले-फूले. आरजेडी के जंगलराज ने बिहार की कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया.
