बिहार के राजगीर में हुए एशिया कप हॉकी 2025 में पाकिस्तानी टीम ने भाग नहीं लिया था. अब कुछ महीनों बाद पाकिस्तान ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 से भी अपना नाम वापस ले लिया है. जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप भी भारत में ही होना है. अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने शुक्रवार (24 अक्टूबर) को इस बात की पुष्टि की.
एफआईएच ने कहा कि पाकिस्तान की जगह नई टीम की घोषणा जल्द की जाएगी. एफआईएच ने यह भी कहा कि टूर्नामेंट में पूरी संख्या में टीम्स शामिल होंगी, ताकि प्रतियोगिता बिना किसी रुकावट के जारी रह सके. जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में खेला जाना है. टूर्नामेंट में 24 टीम्स भाग लेंगी.
एफआईएच की ओर से समाचार एजेंसी पीटीआई को जारी बयान में कहा गया, ‘हम पुष्टि करते हैं कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) को सूचित किया है कि वे भारत में होने वाले एफआईएच मेन्स जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भाग नहीं लेंगे. पाकिस्तान इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर चुका था.’ सूत्रों के अनुसार यह फैसला दोनों देशों के बीच हालिया तनावपूर्ण माहौल की पृष्ठभूमि में लिया गया है.
पाकिस्तान के हटने से ये टूर्नामेंट शायद ही प्रभावित होगा. बाकी टीमों की तैयारियां जोरों पर हैं. यह टूर्नामेंट दुनिया भर के उभरते युवा हॉकी खिलाड़ियों के लिए एक अहम मंच साबित होने जा रहा है. हाल ही में भारतीय सरकार ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर प्रतिबंध की नीति को औपचारिक रूप दिया था.
