छठ महापर्व के तीसरे दिन आज (सोमवार), 27 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग (IMD) की मानें तो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मौसम बदल रहा है. दिल्ली-एनसीआर में आज पूरे दिन बादल छाए रहने की उम्मीद है. वहीं, शाम तक बूंदाबांदी और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी.
मौसम विभाग के अनुसार, ये हल्की बारिश दिल्लीवासियों को ठंड का एहसास कराएगी. IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते कल भी देश की राजधानी में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है.
हवाओं की वजह से दिल्ली में सर्दी ने भी दस्तक दे दी है. IMD के मुताबिक, दिल्ली- NCR में इस मौसम के न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी गई है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. मौसम पूर्वानुमान की बात करें तो अगले 3 दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात ‘मोंथा’ अगले कुछ घंटों में रौद्र रूप ले सकता है. यह तूफान 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के पास टकरा सकता है. इस दौरान 90-110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान हवाएं चलने की संभावना है. चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. इसके चलते दिल्ली-UP से लेकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत कई राज्यों में मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट भी जारी किया है.
तूफान ‘मोंथा’ को लेकर कई राज्यों को अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु शामिल हैं. इन राज्यों में 27 से 30 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, कई जगहों में तेज हवाओं और समुद्री लहरों की वजह से नुकसान की आशंका भी है. हर हालात और आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकाार की ओर से भारतीय सेना, नौसेना और NDRF को लेकर अलर्ट पर रखा गया है.
चक्रवाती तूफान का असर बिहार तक दिख सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इसमें गया, भागलपुर, पटना और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों शामिल हैं, जहां तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार है. 27 अक्टूबर को मौसम साफ रहेगा.
