बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है. इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. इनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी शामिल हैं. बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 45,399 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे, जिनमें से 40,073 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में हैं. कुल मतदाताओं में 1.75 करोड़ महिलाएं हैं. हिसुआ सीट (नवादा) में सबसे अधिक 3.67 लाख मतदाता हैं, जबकि लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी में प्रत्याशियों की संख्या सबसे ज्यादा (22-22) है. बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 65% से अधिक पोलिंग दर्ज हुई थी.
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मध्य विद्यालय पूर्णिया कोर्ट बूथ संख्या 127 पर पहुंचकर मतदान किया. मतदान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए हर व्यक्ति मतदान करे. पप्पू यादव ने अर्धसैनिक बलों पर पक्षपात के आरोप लगाए और कहा कि यह सही नहीं है. हमने इसे लेकर जिलाधिकारी से बात की है. उन्होंने चुनाव में नकली करेंसी के उपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग बीजेपी के दफ्तर में बैठकर चुनाव करा रहा है.
बिहार चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में भी सुबह-सुबह मतदान को लेकर भारी उत्साह नजर आ रहा है. बिहार चुनाव के दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक 14.55% वोटिंग हुई है. यह पहले फेज में सुबह 9 बजे तक हुए मतदान से अधिक है. बिहार चुनाव के पहले चरण में 9 बजे तक 13.13% मतदान हुआ था.
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपील की है कि पहले चरण से भी ज्यादा वोट कीजिए. व्यवस्था परिवर्तन कीजिए. उन्होंने दिल्ली ब्लास्ट को लेकर कहा है कि चुनाव के समय में ऐसी बातें हो रही हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है, उचित कार्रवाई होनी चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बिहार चुनाव के दूसरे चरण में भारी मतदान की अपील की है. पीएम मोदी ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है. सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं. पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें.
