बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र बुधवार सुबह आखिरकार अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर लौट आए. 89 साल के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को 1 नवंबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद मुंबई के ब्रेच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. करीब 11 दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. धर्मेंद्र को आज सुबह एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल से घर ले जाया गया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी ताकि भीड़ न जुटे.
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अब उन्हें घर पर आराम करने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई है. परिवार के सदस्यों हेमा मालिनी, ईशा देओल, सनी देओल और बॉबी देओल ने इस कठिन समय में अस्पताल में लगातार मौजूद रहकर उनका साथ दिया.
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा हाल ही में मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट की गईं. इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए धर्मेंद्र के स्वास्थ्य पर अपनी चिंता और भावनाएं व्यक्त कीं. जब फोटोग्राफर्स ने उनसे धर्मेंद्र की तबीयत के बारे में पूछा तो सुनीता ने कहा, ‘गोविंदा गए थे कल उनसे मिलने, मैं मुंबई में नहीं थी. वो हमारे फैमिली के सबसे फेवरेट एक्टर हैं, हमारे ही-मैन हैं. मैं माता रानी से कल से प्रार्थना कर रही हूं कि वो पहले की तरह जल्दी से जल्दी ठीक हो जाएं.’
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सनी देओल की टीम ने ऑफिशियल बयान जारी किया है. बयान में कहा गया है,’ धर्मेंद्र अब अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं और घर पर अपना इलाज जारी रखेंगे. हम मीडिया और जनता से अनुरोध करते हैं कि किसी भी तरह की अटकलें लगाने से बचें और इस समय परिवार की निजता का सम्मान करें.’ टीम ने आगे लिखा, ‘हम सभी के प्रेम, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं के लिए आभारी हैं. धर्मेंद्र जी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए दुआ करते रहें. कृपया उनका सम्मान करें, क्योंकि वे आप सभी से बहुत प्यार करते हैं.’
