मुरादाबाद। जिले में बदमाशों के हौसले पस्त करने और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मामले का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल का अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ‘दाँतल’ के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद की टीम ने एसएसपी को सम्मानित किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ‘दाँतल’ ने कहा कि एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल पीड़ित को न्याय दिलाया, बल्कि ऐसे दुर्दान्त अपराधियों को सीधी मुठभेड़ में मौत के घाट उतार कर कानून व्यवस्था को स्थापित कर बाकी आपराधिक तत्वों के मनोबल को भी ध्वस्त किया है।
बता दें कि मुरादाबाद शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। एसएसपी सतपाल अंतिल ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। पुलिस की लगातार दबिश और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर बदमाश आसिफ व दीनू को एसएसपी द्वारा स्वयं नेतृत्व कर सीधी मुठभेड़ में मार गिराया गया।
इसी निर्णायक कार्रवाई से प्रभावित होकर अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ‘दाँतल’ मुजफ्फरनगर के जिला अध्यक्ष अंकित चौधरी व अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद उत्तर प्रदेश के प्रदेश सचिव सिद्धार्थ तोमर, प्रभात सांगवान , सुशमेंद्र चौधरी , राहुल बालियान, अंकुर चौधरी के साथ उत्तर प्रदेश की पुरी टीम ने एसएसपी सतपाल अंतिल को मुरादाबाद पहुँच कर सम्मानित किया। जाट संसद के मुजफ्फरनगर जिले के जिलाध्यक्ष अंकित चौधरी ने कहा कि पुलिस की तत्परता से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर आम लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
अभिनंदन के लिए एसएसपी सतपाल अंतिल ने अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद का आभार व्यक्त किया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व की सरकार में अपराध पर सख्ती और जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
@जफर
