चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में लोहाघाट-घाट नेशनल हाईवे पर बागधारा के पास देर रात एक बड़ी दुर्घटना हो गई। बारातियों से भरी एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना रात करीब ढाई बजे हुई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और खाई में फंसे घायलों को रेस्क्यू कर लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया।
ड्राइवर के नशे में होने की आशंका
चश्मदीदों और बारातियों के अनुसार हादसे के समय बोलेरो चालक नशे की हालत में था। वाहन अत्यधिक तेज रफ्तार में था और बागधारा मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन खाई में जा गिरा।
बारात से लौट रही थी गाड़ी
जानकारी के मुताबिक बोलेरो (UK 04 TB 2074) दूल्हन को विदा कराकर लौट रही बारात का हिस्सा थी। बारात पिथौरागढ़ के शेराघाट के किलोटा गांव से बालातड़ी गई हुई थी। लौटते समय यह हादसा हो गया।
रेस्क्यू में जुटी पुलिस, SDRF और फायर टीम
हादसे की सूचना मिलते ही लोहाघाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम, SDRF और फायर सर्विस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।
चिकित्सकों की टीम कर रही इलाज
घायलों का इलाज डॉक्टर विराज राठी और डॉक्टर अजीम की टीम कर रही है। एक गंभीर घायल को चंपावत जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
दुर्घटना में मारे गए लोगों में शामिल हैं—
भावना चौबे
प्रियांशु (6 वर्ष) – बेटा
प्रकाश चंद्र
केवल चंद्र उनियाल
सुरेश चंद्र नौटियाल
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
