मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में हुए चर्चित प्रिंस चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पहले पाँच आरोपियों को जेल भेज चुकी पुलिस ने अब इस मामले के मुख्य आरोपी प्रशांत उर्फ़ बंदर को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पूरे हत्याकांड की साजिश का चेहरा सामने आने लगा है।
अस्पताल में कराया गया मुख्य आरोपी का मेडिकल
गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी प्रशांत को जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

पूरी साजिश का मास्टरमाइंड बतौर सामने आया प्रशांत
सूत्रों के अनुसार पूछताछ में प्रशांत ने प्रिंस चौहान की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात से पहले उसने एक पूरी चेन बनाई थी और हर चरण की बारीकी से योजना तैयार की थी। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य अहम सुराग भी बरामद हो सकेंगे।
दिनदहाड़े चिड़िया टोला के पास हुई थी हत्या
यह सनसनीखेज वारदात मझोला क्षेत्र के चिड़िया टोला स्थित शराब की हड्डी के बाहर हुई थी। यहीं पर आरोपी प्रशांत ने नज़दीक से गोली मारकर प्रिंस चौहान की हत्या कर दी थी। घटना के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी और दहशत फैल गई थी।
पहले ही पाँच आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
इस हत्याकांड में शामिल पाँच अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस पूरे मामले की गुत्थी को अंतिम रूप से सुलझाने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर जांच तेज कर रही है, जिनमें शामिल हैं—
हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी
वारदात से संबंधित तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण
हत्या की वास्तविक वजह की जांच
आरोपी के नेटवर्क और सहयोगियों की पहचान
पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से हत्याकांड के कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट होगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में बड़ा कदम आगे बढ़ा है।
