मुरादाबाद। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुरादाबाद दौरे के दौरान विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कई अहम राजनीतिक बयान दिए।
कांग्रेस पर गंभीर आरोप
राजभर ने कहा कि देश में सबसे पहले वोट चोरी की शुरुआत कांग्रेस ने की और इसी के सहारे सत्ता हासिल की। उन्होंने दावा किया कि इंदिरा गांधी वोट चोरी करके ही प्रधानमंत्री बनीं और सत्ता में आईं।

समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष
समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि सपा की थीम ही “पांच बार फेल” रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने जनता के हित में कोई ठोस काम नहीं किया।
एसआईआर को लेकर विपक्ष की राजनीति
एसआईआर (Special Intensive Revision) को लेकर विपक्ष के विरोध पर राजभर ने कहा कि विपक्ष सड़क से सदन तक शोर मचा रहा है, लेकिन बूथ स्तर पर वही लोग खुद फॉर्म भर रहे हैं, जो उनके दोहरे चरित्र को दर्शाता है।

भाजपा और एनडीए को लेकर दावा
भाजपा प्रदेश नेतृत्व और पंकज चौधरी को लेकर राजभर ने कहा कि भाजपा को उनसे बहुत फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 20 वर्षों तक उत्तर प्रदेश में कोई भी पार्टी एनडीए गठबंधन को हरा नहीं सकती।
वंदे मातरम विवाद पर सख्त रुख
‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रही बयानबाज़ी पर राजभर ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने देश को आज़ाद कराया, संघर्ष किया और नारे लगाए, उनका सम्मान और यशगान होना ही चाहिए।
युवाओं से इतिहास जानने की अपील
राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना चाहिए कि भारत कितने वर्षों तक गुलाम रहा और आज़ादी की लड़ाई किन-किन वीरों ने लड़ी। उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है और मौजूदा सरकार यह काम कर रही है, जबकि विपक्ष कुछ नहीं कर पाया, इसलिए अब विरोध कर रहा है। @ZAFAR
