मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित हॉलीडे एजेंसी में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार, चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था, बुलडोजर राजनीति, भाजपा संगठन और तस्करी जैसे कई अहम मुद्दों पर सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा किया।
एसआईआर प्रक्रिया जल्दबाजी में लागू करने का आरोप
अजय राय ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इसे बिना किसी ठोस तैयारी के जल्दबाजी में लागू कर दिया गया है। इसका खामियाजा आम जनता के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों को भी भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बीएलओ कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव डाला जा रहा है, जिसके कारण कई कर्मचारियों की मौत और आत्महत्या जैसी दुखद घटनाएं सामने आई हैं। यह पूरी व्यवस्था सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है।
चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जो संविधान और लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।
योगी सरकार पर बुलडोजर राजनीति का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला बोलते हुए अजय राय ने कहा कि बुलडोजर राजनीति और अत्याचार के जरिए प्रदेश को डर के माहौल में धकेला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कानून के नाम पर गरीब, किसान और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश सामाजिक और आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुका है।
जवाहरलाल नेहरू पर दिए गए बयान का किया विरोध
अजय राय ने भाजपा नेताओं द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर दिए गए बयानों पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी पर अनर्गल बयानबाजी कर भाजपा अपने असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा संगठन में अंदरूनी कलह का दावा
भाजपा संगठन पर तंज कसते हुए अजय राय ने कहा कि पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाना इस बात का संकेत है कि राज्य सरकार और केंद्र नेतृत्व के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर सत्ता संघर्ष चल रहा है, जिसका असर संगठन और सरकार दोनों पर साफ दिखाई दे रहा है।
तस्करी और कफ सिरप मामले में सरकार पर गंभीर आरोप
अजय राय ने तस्करी और कफ सिरप कांड का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार तस्करों को संरक्षण दे रही है, जबकि पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर जैसे ईमानदार अधिकारी को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और शासन-प्रशासन पूरी तरह विफल हो चुका है।
आरएसएस पर भी साधा निशाना
आरएसएस पर हमला बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर घुसपैठियों की जांच करनी है तो इसकी शुरुआत संघ कार्यालयों से होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी: अजय राय
प्रेस वार्ता के अंत में अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और लोकतंत्र, संविधान व आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
