मुरादाबाद। शासन के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी के निर्देशन में शुक्रवार को यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से स्कूली वाहनों का निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान नया मुरादाबाद स्थित न्यू डेल्स मोंटेसरी स्कूल, स्प्रिंगफील्ड स्कूल, न्यू डेल्स स्कूल सिविल लाइन तथा पी.एम.एस. स्कूल सिविल लाइन मुरादाबाद के स्कूली वाहनों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम एवं यातायात निरीक्षक मिथिलेश सिंह ने धुंध व कोहरे के मौसम में बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर वाहन चालकों, अटेंडेंट और विद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वाहन चालकों के लिए निर्देश
अधिकारियों ने कहा कि वाहन चालक हेडलाइट, फॉग लाइट व पार्किंग लाइट अनिवार्य रूप से चालू रखें तथा वाहन की गति नियंत्रित रखें। ओवरटेकिंग से बचें और गलत दिशा में वाहन न चलाएं। मोड़ों व चौराहों पर हॉर्न का सीमित व सावधानीपूर्वक प्रयोग करें। इसके साथ ही वाइपर, ब्रेक, स्टीयरिंग व सभी लाइटें पूरी तरह दुरुस्त हों। वाहन के आगे-पीछे “School Bus” बोर्ड और रिफ्लेक्टर स्पष्ट हों। अधिक धुंध होने पर हैज़र्ड लाइट का प्रयोग करें तथा निर्धारित रूट से ही वाहन चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

अटेंडेंट को भी दी गई हिदायत
अटेंडेंट को निर्देशित किया गया कि बच्चों को सड़क की ओर से नहीं बल्कि फुटपाथ या सुरक्षित दिशा से चढ़ाया-उतारा जाए। वाहन का दरवाजा पूरी तरह बंद होने के बाद ही चलाया जाए। सभी खिड़कियों व दरवाजों के शीशे सही स्थिति में हों। बच्चों को खड़े होकर यात्रा न करने दें तथा वाहन में फर्स्ट एड बॉक्स और फायर एक्सटिंग्विशर अनिवार्य रूप से रखें।
विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी
विद्यालय प्रशासन को सभी स्कूली वाहनों का फिटनेस, बीमा व परमिट वैध रखने और समय-समय पर उनकी जांच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही चालकों व अटेंडेंट का मेडिकल एवं पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करने, तथा समय-समय पर सुरक्षा प्रशिक्षण, फायर सेफ्टी व फर्स्ट एड का प्रशिक्षण कराने को कहा गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि धुंध व कोहरे में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए सभी से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित ढंग से वाहन संचालन की अपील की गई।
